Saturday, September 5, 2026
ON AIR
ghatshilaAugust 4, 2026

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर घाटशिला में भावभीनी श्रद्धांजलि, बाबा रामदास सोरेन को भी किया नमन

2 मिनट का मान रखा गया

By Newsroom

Share
घाटशिला के फूलडुंगरी स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) संपर्क कार्यालय में मंगलवार को झारखंड राज्य के निर्माताओं में अग्रणी, महान जननायक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित श्रद्धेय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के नेतृत्व में झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत माल्यार्पण से हुई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने दिशोम गुरु के अद्वितीय संघर्ष, त्याग, दूरदर्शी नेतृत्व एवं झारखंड आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु का पूरा जीवन जल, जंगल, जमीन, आदिवासी-मूलवासी अस्मिता तथा सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए समर्पित रहा और उनका संघर्ष एवं विचार आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं श्रद्धेय दिवंगत बाबा रामदास सोरेन की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने शिक्षा, समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में बाबा रामदास सोरेन के अमूल्य योगदान को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण किया। इस अवसर पर पूरे परिसर में "दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें", "झारखंड आंदोलन अमर रहे" तथा "बाबा रामदास सोरेन अमर रहें" के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम में 56 पंचायतों से पहुंचे पंचायत प्रतिनिधियों, झामुमो पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मौके पर जगदीश भगत, दुर्गा चरण मुर्मू, सोनाराम सोरेन, काली बरौदा, रिंकू सिंह, सागर पानी, मोहम्मद जलील, आनंद गोयल, गोपाल कुआरी, राजा सिंह, सुखलाल हारता, सौरभ बोस सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
Share

Made with Emergent