ghatshilaAugust 11, 2026
लगातार बारिश के बीच एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी, झारखंड-बंगाल सीमा पर पुलिस की घेराबंदी
असीम मंडल नक्सली 1 करोड़ इनामी नक्सली को खोज रहे हैं पुलिस
By Newsroom

घाटशिला। लगातार हो रही बारिश के बीच घाटशिला और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी है। खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों के जवान अभियान में जुटे हुए हैं। झारखंड-बंगाल सीमा से सटे इलाकों में पुलिस एवं सुरक्षा बलों की निगरानी लगातार जारी है।
बताया जा रहा है कि कई दिनों से चल रहे अभियान के बावजूद एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश अब तक सुरक्षा बलों की पकड़ से दूर है। सुरक्षा बल पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। हालांकि, अब तक असीम मंडल के संबंध में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
सात साथियों के साथ सक्रिय होने की सूचना
कोल्हान क्षेत्र में लगातार नक्सलियों के आत्मसमर्पण, गिरफ्तारी और मुठभेड़ों में मारे जाने के बाद संगठन काफी कमजोर हुआ है। इसके बावजूद असीम मंडल के अपने कुछ साथियों के साथ क्षेत्र में सक्रिय होने की सूचना है। सुरक्षा एजेंसियां असीम मंडल को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
बारिश और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र बनी चुनौती
लगातार बारिश के कारण जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में अभियान चलाना सुरक्षा बलों के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। दलमा से घाटशिला के बीच फैले पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, असीम मंडल और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पूर्व में आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से भी पूछताछ की जा रही है। हाल में दलमा क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए कुछ नक्सलियों की निशानदेही पर पुलिस को हथियार बरामद करने में सफलता मिली है। हालांकि, असीम मंडल तक पहुंचना अब भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है।
सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जवानों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।


