ghatshilaAugust 10, 2026
सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव से गूंजा अनुमंडल
सावन महीने के दूसरे सोमवार को घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। अहले सुबह से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा
By Newsroom
घाटशिला, मऊभंडार, मुसाबनी, डुमरिया, बहरागोड़ा, चाकुलिया, धालभूमगढ़, जादूगोड़ा, राखा, बड़सोल, श्यामसुंदरपुर, गालूडीह सहित आसपास के शिवालयों में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कई मंदिरों में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी, पूरी-खीर सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद का वितरण किया गया।
मऊभंडार शिव मंदिर में उमड़ी भीड़नवल सिंह के नेतृत्व में शिवलिंग का आकर्षक श्रृंगार किया गया। संध्या आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच पुड़ी व खीर का प्रसाद स्वरूप वितरण किया गया।
मऊभंडार स्थित शिव मंदिर में सोमवार की सुबह करीब चार बजे से ही श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में शिवभक्त सुवर्णरेखा नदी से कांवर में जल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वहीं, कई महिला-पुरुष और बच्चे मंदिर से ही जल लेकर पूजा-अर्चना करते नजर आए।
मंदिर समिति की देखरेख में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर जलाभिषेक किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
महेंद्र सिंह मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी आयोजन
सावन के दूसरे सोमवार को महेंद्र सिंह मंदिर में भी सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इसके अलावा गोपालपुर शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया। मंदिर एवं मंडल कमेटियों की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
शाम को हुआ आकर्षक श्रृंगार और महाआरती
मऊभंडार शिव मंदिर में संध्या समय मंदिर समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र नारायण सिंहदेव और महासचिव नवल सिंह के नेतृत्व में भगवान शिव के शिवलिंग का आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके बाद भव्य संध्या आरती आयोजित हुई। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच पूरी और खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष बीएन सिंहदेव, महासचिव नवल सिंह के अलावा जयंत कुमार उपाध्याय, एनके राय, संजय कुमार, राकेश दूबे, हरेश्वर सिंह, प्रकाश शर्मा, प्रकाश जायसवाल, शशिभूषण चौधरी, नारायण खरवार, प्रकाश कांति पटेल, जगत नारायण चौहान, अशोक हलदर, बनर्जी, ईश्वरी प्रसाद, सोमेन देवबत भट्टाचार्य, हरजीत समेत कई समिति सदस्यों का सहयोग रहा।
सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भीड़ और जगह-जगह हुए धार्मिक आयोजनों से पूरा अनुमंडल क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर नजर आया।



