Monday, August 10, 2026
ON AIR
ghatshilaAugust 9, 2026

पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जमीन से छू रहे थे पैर

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का होगा खुलासा

By Newsroom

Share
गालूडीह। गालूडीह थाना क्षेत्र के बड़ाखूर्शी पंचायत अंतर्गत आमचुड़िया गांव निवासी संजय महतो (30) का शव रविवार सुबह सालबनी गांव के समीप लेपाडाबर जंगल में पेड़ से लटका मिला। शव के पैर जमीन से सटे होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सालबनी गांव के कुछ बच्चे जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी। शव देखकर बच्चे डर गए और गांव लौटकर इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने गालूडीह पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा। पैर जमीन से सटे होने पर उठे सवाल ग्रामीणों के अनुसार, जिस पेड़ की डाली से संजय महतो का शव लटका मिला, वह काफी नीची थी और मृतक के पैर जमीन को छू रहे थे। इसी वजह से ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था संजय संजय महतो के पिता घोलटू महतो का पहले ही निधन हो चुका है। वह परिवार का इकलौता बेटा और घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विधवा मां तिलोत्तमा महतो समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पंचायत के मुखिया हरिपद सिंह भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। फिलहाल गालूडीह पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Share

Made with Emergent