ghatshilaAugust 5, 2026
घाटशिला कॉलेज में सीट बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना, भूख हड़ताल शुरू
कॉलेज गेट के बाहर धरना प्रदर्शन एवं भुखरता अनिश्चित धरना
By Newsroom

घाटशिला, घाटशिला कॉलेज, घाटशिला में स्नातक सत्र 2026 में विषयवार सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार से छात्रों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल शुरू कर दी। कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हुए और सीट बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। ज्ञापन के अनुसार छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य के माध्यम से कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन को भी अपनी मांग भेजी है।
छात्रों का कहना है कि घाटशिला कॉलेज ग्रामीण एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र का प्रमुख महाविद्यालय है, जहां दूर-दराज के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए पहुंचते हैं। लेकिन स्नातक में विषयवार सीटें कम होने के कारण बड़ी संख्या में योग्य छात्र-छात्राएं नामांकन से वंचित हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की कि विद्यार्थियों के आवेदन की संख्या के अनुरूप सभी विषयों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि प्रत्येक पात्र छात्र को नामांकन का अवसर मिल सके। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।मौके पर अंजली किस्कू, बिकाश हेंब्रम, लारमी मुर्मू, रघुनाथ मुर्मू, पूर्णा टुडू, चंद्र मोहन हांसदा, सुरेश टुडू, रमेश दास, संतोष मंडल, सुरेन मुर्मू, रूराय टुडू, कनिका किस्कू, जोबा रानी टुडू, सरोजिता मुर्मू, पूर्णिमा किस्कू, सुनीता सोरेन, हिशी हेंब्रम, सिंघो टुडू, दुलारी बास्के, दुलार बास्के, नीरा हांसदा, मोती बास्के, बलरामी बास्के, कोकली मुर्मू, गणेश मुर्मू, कुमार किस्कू, कृष्णा मुर्मू एवं अजय हांसदा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


