ghatshilaAugust 5, 2026
गुरु रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश का पूर्वी सिंहभूम में भव्य स्वागत
P होंडा शिव मंदिर में रखा गया मिट्टी
By Newsroom

घाटशिला। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती महोत्सव के अवसर पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी (वाराणसी) से लाई गई पवित्र मिट्टी से सुशोभित कलश यात्रा का बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में भव्य स्वागत किया गया।भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के नेतृत्व में रांची से निकली कलश यात्रा का गालूडीह स्थित पुटूरु टोल प्लाजा पर भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और "जय गुरु रविदास" के जयघोष के साथ स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने गुरु वंदना कर पवित्र कलश का अभिनंदन किया।
इसके बाद कलश यात्रा घाटशिला के विभिन्न मार्गों से होते हुए मऊभंडार स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए तथा गुरु रविदास जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी ने बताया कि पवित्र कलश 6 अगस्त तक मऊभंडार स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन एवं पूजन के लिए स्थापित रहेगा। इसके बाद कलश को जिले के सभी शक्ति केंद्रों एवं बूथ स्तर के मंदिरों तक ले जाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसके दर्शन कर सकें।
कलश यात्रा में प्रदेश महिला मोर्चा की प्रवक्ता काजल महाकुंभ, भाजपा महामंत्री हेमंत नारायण देव, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पंचायत समिति सदस्य जगन्नाथ कालिंदी, कार्यालय प्रभारी दीपक दंडपत, बहरागोड़ा मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिव मंदिर समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास जी के बताए समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




