ghatshilaAugust 12, 2026
14 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने किया परेड व बैंड रिहर्सल
परेड रिहर्सल करते स्कूली छात्र-छात्राएं
By Newsroom
घाटशिला: 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर घाटशिला अनुमंडल स्तरीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गयी हैं. बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर घाटशिला प्रखंड के पावड़ा स्थित सिद्धू-कान्हू मैदान में परेड रिहर्सल का आयोजन किया गया. इसमें घाटशिला, मुसाबनी और धालभूमगढ़ प्रखंड के कुल 14 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. घाटशिला थाना के हवलदार अवध बढ़ई ने प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को झंडोत्तोलन, सलामी एवं परेड की बारीकियों की जानकारी दी. छात्रों को अनुशासन, कदमताल और परेड की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया गया. इसके बाद बैंड टीम का भी रिहर्सल किया गया. इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी उपस्थित रहे. इनमें जगदीश चंद्र उच्च विद्यालय के खेल शिक्षक पल्लव दे, इरवाईन स्कूल के सुरेश चौहान, संत नंदलाल स्कूल के इंद्रो राय समेत कस्तूरबा विद्यालय महुलिया, धालभूमगढ़, मुसाबनी तथा घाटशिला के आवासीय विद्यालयों के शिक्षक शामिल थे. आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य 15 अगस्त समारोह को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराना है. प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं में उत्साह और अनुशासन देखने को मिला. कार्यक्रम में 14 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे. गुरुवार को भी अंतिम रिहर्सल होगा.


