Wednesday, September 2, 2026
ON AIR
ghatshilaAugust 5, 2026

गुड़ाबांधा में मलेरिया से 8 वर्षीय मासूम की मौत, बहन गंभीर

मलेरिया फैल जाने के कारण बच्चों की मृत्यु

By Newsroom

Share
घाटशिला: पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया का प्रकोप लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। ताजा मामला गुड़ाबांधा प्रखंड के फुलकोटा ज्वालकांटा गांव का है, जहां मलेरिया से पीड़ित 8 वर्षीय सोमाय मार्डी की इलाज के दौरान अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। वहीं उसकी 10 वर्षीय बहन डुमनी मार्डी गंभीर अवस्था में घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में भर्ती है। मृतक के पिता धानों मार्डी और माता पागो ने बताया कि 31 जुलाई को बेटे को तेज बुखार और सिरदर्द की शिकायत होने पर श्यामसुंदरपुर पीताजुड़ी चौक स्थित एक ग्रामीण चिकित्सक के पास इलाज कराया गया। जांच में मलेरिया बताकर दवा दे दी गई। कुछ दिनों तक दवा चलने के बाद बुधवार तड़के उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन पहले टेंपो से धालभूमगढ़ और फिर दूसरे वाहन से घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इधर, मृतक की बड़ी बहन डुमनी मार्डी की भी जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घाटशिला अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रामचंद्र सोरेन ने बताया कि सोमाय मार्डी की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। वहीं उसकी बहन का इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह घटना एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में झोलाछाप चिकित्सकों पर निर्भरता और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा नहीं मिलने की गंभीर समस्या को सामने लाती है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मलेरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच और उपचार कराना चाहिए, जहां जांच और दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं।
Share

Made with Emergent