ghatshilaAugust 16, 2026
बाइक पर 11 किलो गांजा लेकर जमशेदपुर आ रहे तीन तस्कर गिरफ्तार
जमशेदपुर में पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. ओडिशा से बाइक पर गांजा लेकर आ रहे तीन तस्करों को गालूडीह थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उनके पास से 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है.
By Newsroom

घाटशिला। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गालूडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से बाइक पर गांजे की खेप लेकर जमशेदपुर की ओर आ रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से 11 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन युवक बाइक से गांजे की बड़ी खेप लेकर जमशेदपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गालूडीह केनाल क्षेत्र के पास घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक से पहुंचे तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 11 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से बागबेड़ा निवासी रमेश कुमार सिंह, बाबूलाल यादव और टेल्को निवासी श्याम नाथ राय को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि गांजे की खेप ओडिशा से जमशेदपुर लाई जा रही थी।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


