Wednesday, September 2, 2026
ON AIR
ranchiJuly 28, 2026

JPSC भर्ती घोटाले की जांच तेजः पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते से CID की घंटों पूछताछ, बुधवार को भी तलब

JPSC भर्ती घोटाले को लेकर पूर्व चेयरमैन एल. खियांग्ते से सीआईडी पूछताछ कर रही है. बुधवार को भी उन्हें बुलाया है.

By Newsroom

Share
झारखंड लोक सेवा आयोग की 14वीं सिविल सेवा की पीटी परीक्षा में अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते मंगलवार को सीआईडी मुख्यालय पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनसे कई घंटे तक पूछताछ की. जांच देर शाम तक चली और उन्हें बुधवार को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया है. इस पूछताछ के दौरान सीआईडी ने परीक्षा संचालन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सवाल किए. जांच एजेंसी ने ब्लैकलिस्टेड कंपनी के चयन, परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और परीक्षा संचालन एजेंसी से जुड़े लोगों के साथ संबंधों को लेकर भी जवाब मांगा. साथ ही उप परीक्षा नियंत्रक के तबादले के बावजूद उनके जेपीएससी में बने रहने को लेकर भी सवाल पूछे गए. बताया जा रहा है कि पूर्व अध्यक्ष ने सभी प्रक्रियाओं को नियमों के अनुरूप बताया और कई आरोपों से अनभिज्ञता जताई. इससे पहले सीआईडी ने उन्हें नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया था। हाल ही में जांच एजेंसी ने उनके सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय स्थित कक्ष में भी तलाशी ली थी. इस दौरान कई दस्तावेजों की जांच की गई और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड खंगाले गए. जांच के दायरे में परीक्षा संचालन एजेंसी टीडीपीएल का कार्यालय भी है, जहां से परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं. वहीं जेपीएससी कार्यालय से भर्ती परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज, ओएमआर शीट और डिजिटल साक्ष्य भी सीआईडी ने अपने कब्जे में लिए हैं.इस पूरे मामले में सीआईडी अब तक उप परीक्षा नियंत्रक समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें से पांच आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ जारी है. जांच एजेंसी का कहना है कि जुटाए गए दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल बुधवार को होने वाली दोबारा पूछताछ पर सभी की नजरें टिकी हैं.
Share

Made with Emergent