Wednesday, August 19, 2026
ON AIR
ghatshilaAugust 13, 2026

घाटशिला में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ पर दिया जोर

Sir को लेकर सभी पंचायत और सभी भूत में निरीक्षण

By Newsroom

Share
घाटशिला। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला एवं बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रहे मतदाता सूची सत्यापन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 72, 73, 86 और 90 तथा बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 270 और 152 का निरीक्षण किया। इस दौरान बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे मतदाता सत्यापन, पात्र नागरिकों के पंजीकरण और मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के कार्य की जानकारी ली। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी विदेशी या अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने बीएलओ को प्रत्येक घर तक पहुंचकर पात्र नागरिकों का सत्यापन करने और ‘होम-टू-रोल’ को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में होने चाहिए। यदि परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों में दर्ज हैं, तो फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक सुधार की कार्रवाई की जाए। के. रवि कुमार ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पात्र युवाओं को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करने की बात कही। इसी क्रम में उन्होंने घाटशिला के किताडीह स्थित सोना देवी विश्वविद्यालय में आयोजित इंडक्शन-सह-ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने नव नामांकित विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जिम्मेदार भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने घाटशिला में घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात कर सर्वेक्षण की वास्तविक स्थिति की जानकारी भी ली। उन्होंने बताया कि यदि झारखंड का कोई पात्र नागरिक किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में पंजीकृत है और अब सामान्य रूप से झारखंड में निवास कर रहा है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-8 के माध्यम से अपना नाम झारखंड की मतदाता सूची में स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकता है। उन्होंने बीएलओ को मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने तथा सभी आवेदनों का पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीएलओ निर्वाचन तंत्र और मतदाताओं के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उन्हें पूरी निष्ठा और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, घाटशिला एवं बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ, एईआरओ सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
Share

Made with Emergent