Saturday, September 5, 2026
ON AIR
jamshedpurJuly 14, 2026

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का उपायुक्त ने लिया जायजा, मानगो के मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को मानगो क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

By Newsroom

Share
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मदरसा दारुल इस्लाम, रोड संख्या-12, आजाद नगर स्थित बूथ संख्या 276 एवं 277 तथा कबीरिया उर्दू मध्य विद्यालय, जाकिर नगर स्थित बूथ संख्या 326 एवं 327 का जायजा लिया। इस दौरान अपर उपायुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, मानगो अंचलाधिकारी (सीओ) सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, प्राप्ति और डिजिटाइजेशन कार्य की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि क्षेत्र के प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त करें और उन्हें निर्धारित समय के भीतर डिजिटल पोर्टल पर अपलोड करें। उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मौजूद लोगों से भी अपील की कि जिन्होंने अब तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, वे जल्द से जल्द अपने संबंधित बीएलओ के पास प्रपत्र जमा करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आम नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की गई है।
Share

Made with Emergent