jamshedpurJuly 28, 2026
बिजली का करंट लगते ही खंभे से गिरा युवक, अस्पताल में तोड़ा दम
गोइलकेरा के धोबाडीहा की घटना, परिवार में मातम
By Newsroom
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमडीहा पंचायत के धोबाडीहा गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली के खंभे पर काम कर रहे एक युवक को तेज करंट लग गया और वह नीचे गिर पड़ा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
काम करते समय लगा करंट
मृतक की पहचान पप्पु सुरीन के रूप में हुई है। गांव में वह बिजली से जुड़े छोटे-मोटे काम करता था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को करीब शाम 5 बजे गांव में बिजली की दिक्कत आ गई थी। इसी बीच किसी के कहने पर पप्पु लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ गया।काम के दौरान अचानक उसे करंट का तेज झटका लगा। करंट लगते ही वह संतुलन खो बैठा और पीसीसी सड़क पर जा गिरा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सीएचसी में इलाज के दौरान मौत
घायल अवस्था में ग्रामीणों ने आनन-फानन में पप्पु को सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
परिवार का एकमात्र सहारा था पप्पु
परिजनों ने बताया कि पप्पु बिजली विभाग के लिए भी अस्थायी तौर पर काम करता था। गांव में जब भी फॉल्ट आता था तो लोग उसे ही बुलाते थे। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है, ताकि उनके सामने रोजी-रोटी का संकट न आए।
More In jamshedpur
घाटशिला में छापेमारी, 1.81 किलो गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार

मानगो नगर निगम में गरमाई राजनीति, मेयर व पार्षदों के बीच तनातनी, ‘पार्षद एकता मंच’ के गठन पर क्या बोलीं मेयर



