Wednesday, September 2, 2026
ON AIR
jamshedpurJuly 14, 2026

सरकारी जलमीनार के पीछे बालू की अवैध डंपिंग, रात में हो रही तस्करी

चाकुलिया के श्यामसुंदरपुर में बालू माफियाओं का आतंक, रात के अंधेरे में हो रही अवैध बालू की तस्करी। प्रशासन की सख्ती के बावजूद धंधा जारी।

By Newsroom

Share
चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित चंदनपुर पंचायत में बालू का अवैध धंधा बड़े पैमाने पर फल-फूल रहा है. पिताजुड़ी जलमीनार के पीछे और चंदनपुर में लगभग 7-8 स्थानों पर अवैध रूप से बालू का भंडारण किया गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, बालू माफिया दिन के उजाले में ट्रैक्टरों के सहारे यहां बालू का स्टॉक जमा करते हैं. रात के अंधेरे में हाइवा व बड़े वाहनों पर लादकर इसे जमशेदपुर व पश्चिम बंगाल के कोलकाता तक सप्लाई करते हैं.हाल में जमशेदपुर के एसएसपी एहतेशाम वकारिब के पदभार संभालने के बाद बालू माफियाओं पर नकेल कसी गयी है. एसएसपी के सख्त निर्देश के बाद माफियाओं में खलबली मची है. अब वे रात के अंधेरे में इस स्टॉक को ठिकाने लगाने के लिए मौके की तलाश में हैं, जिसके कारण केरुकोचा चौक, श्यामसुंदरपुर थाना के समीप, पिताजुड़ी चौक और कोकपाड़ा टोल ब्रिज पर माफियाओं की चहलकदमी बढ़ गयी है. सूत्रों के अनुसार, पूरी तरह रोक के बावजूद इक्के-दुक्के वाहन अब भी चल रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह बालू बिना किसी वैध कागजात के जमा किया गया है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खनन विभाग से मामले की जांच कर इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है. इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील भोक्ता ने कहा कि एसएसपी के निर्देश का सख्ती से पालन किया जा रहा है और क्षेत्र से बालू की ढुलाई नहीं होने दी जा रही है. हालांकि, क्षेत्र में अंचल अधिकारी (सीओ) और खनन विभाग की लगातार छापेमारी के बाद भी माफियाओं का नेटवर्क अब भी सक्रिय है.
Share

Made with Emergent