jamshedpurJuly 14, 2026
रातभर मुस्तैद रहेगा टाइगर मोबाइल, बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवान होंगे सम्मानित
जमशेदपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए टाइगर मोबाइल की रात्रि गश्त को और सख्त कर दिया है। अब जवान रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक गश्त करेंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
By Newsroom

जमशेदपुर: शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस ने टाइगर मोबाइल की रात्रिकालीन गश्त को और सख्त कर दिया है। अब टाइगर मोबाइल के जवान रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक लगातार ड्यूटी करेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
सोमवार को सीसीआर परिसर में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने टैंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो, क्यूआरटी बल एवं टाइगर मोबाइल के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जवानों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।
एसएसपी ने रात्रि गश्त के दौरान अड्डेबाजी, असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, नियमित एंटी-क्राइम चेकिंग चलाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना प्रभारी और नियंत्रण कक्ष को दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर सिटी एसपी ललित मीणा, सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, बढ़ते अपराध को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सांसद विद्युत वरण महतो और महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में एसएसपी से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और गश्ती बढ़ाने की मांग की। दूसरी ओर मानगो और उलीडीह क्षेत्र में एक ही रात नौ दुकानों में चोरी की घटना के बाद जदयू प्रतिनिधिमंडल ने उलीडीह थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मामले का जल्द खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।



