jamshedpurJuly 28, 2026
केरल में ट्रेन हादसे में चाईबासा के मजदूर की मौत, शव लाने के लिए पैसे नहीं
हादसे को तीन दिन बीत गए हैं, लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से परिवार अब तक शव को घर नहीं ला सके, परिजनों ने प्रशासन से मदद की लगाई गुहार
By Newsroom

पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र के किता गांव के लिए बुरी खबर सामने आई है। केरल में मजदूरी करने गए बंदगांव थाना क्षेत्र के किता गांव निवासी 45 वर्षीय दुर्गा भोक्ता की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसे को तीन दिन बीत गए हैं, लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से परिवार अब तक शव को घर नहीं ला पाया है।
चलती ट्रेन से गिरा, एर्नाकुलम के पास मिला शव
मृतक के साथ काम पर गए चचेरे भाई लुदु भोक्ता ने बताया कि दुर्गा समेत गांव के 4-5 मजदूर रोजगार की तलाश में केरल गए थे। शनिवार शाम करीब 4 बजे वे सभी धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस से आरुपल्ली के लिए निकले थे। गांव के कुछ अन्य युवक पहले से वहां काम कर रहे थे और दुर्गा को भी वहीं काम मिलने की उम्मीद थी। लुदु के अनुसार रविवार तड़के लगभग 3 बजे के आसपास दुर्गा अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। कुछ देर बाद एर्नाकुलम स्टेशन के पास उसका शव बरामद हुआ। फिलहाल शव कलमाशेरी पुलिस स्टेशन की मोर्चरी में रखा हुआ है।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार
लुदु भोक्ता ने बताया कि परिवार की माली हालत बहुत खराब है। शव को केरल से चाईबासा लाने के लिए बड़ी रकम चाहिए, जो उनके पास नहीं है। अगर सरकार या प्रशासन की ओर से सहायता नहीं मिली तो मजबूरी में उन्हें वहीं अंतिम संस्कार करना पड़ेगा।परिजनों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से आर्थिक मदद की अपील की है। उनका कहना है कि वे दुर्गा का अंतिम संस्कार अपने गांव में ही करना चाहते हैं।इस घटना के बाद किता गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द मदद भेजने की मांग की है, ताकि मृतक का शव सम्मान के साथ घर लाया जा सके और अंतिम संस्कार हो सके।



