politicsAugust 6, 2026
JPSC-JSSC में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग, आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में उतरी अभाविप
प्रेस कॉन्फ्रेंस
By Newsroom

दुमका: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दुमका ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में रांची में हक और न्याय की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्रों एवं अभ्यर्थियों के समर्थन की घोषणा की। परिषद ने राज्य सरकार से JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली एवं पेपर लीक मामलों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग की।
अभाविप के जिला संयोजक संजय पाल ने कहा कि संगठन छात्रों की जायज मांगों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में JPSC से लेकर 10वीं बोर्ड परीक्षा तक पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं की घटनाओं ने भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना था कि सरकार को पारदर्शी एवं भ्रष्टाचारमुक्त परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करते हुए छात्रों के भविष्य की रक्षा करनी चाहिए।
संजय पाल ने झारखंड में फास्ट ट्रैक कोर्ट के विस्तार की मांग करते हुए कहा कि पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने JPSC और JSSC के प्रशासनिक ढांचे के पुनर्गठन तथा छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की भी अपील की।
प्रेस वार्ता में झूलन मंडल ने भी राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड के युवाओं का भविष्य लगातार अनिश्चितता में है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार छात्रों की आवाज को अनसुना करती है, तो इससे लाखों बेरोजगार युवाओं का भरोसा टूटेगा।
अभाविप ने सरकार से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने की मांग की।



