politicsAugust 6, 2026
JPSC-JSSC में कथित धांधली के विरोध में ABVP का मशाल जुलूस
पेपर लीक, भर्ती में कथित अनियमितता और पारदर्शी चयन प्रक्रिया की मांग को लेकर छात्रों ने किया प्रदर्शन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग!
By Newsroom
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता तथा सीटों की कथित खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जामताड़ा के बैनर तले गुरुवार को जामताड़ा में मशाल जुलूस निकाला गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं ABVP कार्यकर्ताओं ने इस विरोध मार्च में भाग लेते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पूर्व में आयोजित जितनी भी परीक्षाओं में धांधली हुई है उनको रद्द करते हुए , भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
मशाल जुलूस शहर के मां चंचला चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सुभाष चौक में समापन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथ में मशाल और तख्तियां थीं, जिन पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग से जुड़े संदेश लिखे हुए थे।
इसी निमित्त अभाविप जामताड़ा के जिला संयोजक संजय मंडल जी का कहना था कि झारखंड के लाखों युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन यदि भर्ती परीक्षाओं पर बार-बार सवाल उठते हैं तो इससे अभ्यर्थियों का मनोबल टूटता है और पूरी चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। उनका आरोप है कि कथित अनियमितताओं के कारण योग्य एवं प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
ABVP जामताड़ा नगर इकाई के नगर मंत्री प्रकाश यादव जी ने कहा कि छात्र केवल निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहते हैं। यदि किसी भी परीक्षा में अनियमितता हुई है तो उसकी उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान देवघर-जामताड़ा के विभाग प्रमुख चंदन रजक जी कहा कि राज्य सरकार से सभी लंबित भर्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने, भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता लाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी भर्ती परीक्षा पर सवाल न उठे और अभ्यर्थियों का विश्वास कायम रहे।
मशाल जुलूस में शामिल छात्रों ने कहा कि रोजगार युवाओं का अधिकार है और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में ABVP कार्यकर्ताओं ने सभी छात्रों एवं युवाओं से एकजुट होकर पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया। मौके पर भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह, अभाविप पूर्व कार्यकर्ता आकाश साव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य निर्भय मण्डल, कॉलेज अध्यक्ष ललन यादव, राहुल लाल, किशोर यादव, मुकेश रवानी, सोनू रावत, सुखदेव रजक, मुकेश साहू, कमल रजक, राहुल यादव, प्रदीप यादव, श्याम यादव,अमित यादव, राकेश मंडल, तरुण साहू, दीपक साहू, सागर बाउरी, अमन प्रसाद, छोटू कुमार,अमित यादव, जीत दुबे, टिंकू मंडल, पवन मंडल, राजकुमार मंडल, किशोर रवानी, राहुल लाल, किशोर यादव, सागर बाउरी, रमेश मंडल, अमन शर्मा, अमन कुमार आदि विद्यार्थी मौजूद थे।



