Thursday, August 13, 2026
ON AIR
ghatshilaAugust 12, 2026

घाटशिला कॉलेज के 66वें स्थापना दिवस पर 66 दीप जलाकर संस्थापकों को किया गया याद

संस्थापकों के वंशज सम्मानित, कुलपति ने दी शुभकामनाएं; कॉलेज के विकास में सहयोग का विधायक ने दिया भरोसा

By Newsroom

Share
घाटशिला। घाटशिला कॉलेज का 66वां स्थापना दिवस बुधवार को हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह का उद्घाटन पद्मश्री जानूम सिंह सोय, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, प्राचार्य डॉ. आरके चौधरी, संस्थापकों के वंशज एवं आमंत्रित अतिथियों ने संयुक्त रूप से 66 दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कॉलेज की स्थापना के प्रणेताओं को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया। समारोह में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान करते हुए प्राचार्य डॉ. आरके चौधरी ने बताया कि घाटशिला कॉलेज की स्थापना 12 अगस्त 1961 को हुई थी। शुरुआती दौर में महाविद्यालय जेसी हाई स्कूल में संध्या बेला में संचालित होता था। वर्ष 1973 से कॉलेज अपनी भूमि पर संचालित होने लगा। उन्होंने कहा कि स्थापना के बाद से कॉलेज लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और आज यह ज्ञान, संस्कार, अनुशासन एवं व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। संस्थापकों के वंशज सम्मानित स्थापना दिवस समारोह में कॉलेज के संस्थापकों के वंशजों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इनमें श्याम चरण मुर्मू के पुत्र देश परगना बैजू मुर्मू, जेपी केसरी की पुत्री मीना केसरी, दशरथि लाल की पुत्री प्रो. वीणा श्रीवास्तव एवं पौत्र मुन्ना श्रीवास्तव, कृष्णा चौबे के पुत्र राजेश चौबे, शिव प्रसाद शर्मा के भाई नंद किशोर शर्मा, हरि पांडा के पुत्र शिवनाथ पांडा तथा कुबेर डे के पुत्र दिलीप कुमार डे शामिल रहे। इस दौरान संस्थापकों के वंशजों ने कॉलेज की स्थापना के समय के संस्मरण साझा किए और सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कुलपति ने दी शुभकामनाएं घाटशिला कॉलेज के 66वें स्थापना दिवस पर कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने शुभकामना संदेश भेजा। प्राचार्य डॉ. चौधरी ने संदेश को पढ़कर सुनाया। कुलपति ने अपने संदेश में महाविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि घाटशिला कॉलेज ने अपने 66 वर्षों की गौरवशाली यात्रा में उच्च शिक्षा के प्रसार और सामाजिक चेतना के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक, कौशल आधारित एवं समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्हें विश्वास है कि घाटशिला कॉलेज इस दिशा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निरंतर निभाता रहेगा। कॉलेज के विकास में सहयोग करेंगे : विधायक समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने कॉलेज के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि घाटशिला कॉलेज क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान है और इसके विकास के लिए वे पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पूर्ववर्ती कॉलेज कर्मी संघ के रूप में जोड़कर रखने की बात कही, जिससे कॉलेज के विकास में उनके अनुभव और सहयोग का लाभ मिल सके। समारोह में प्रो. मित्रेश्वर ने कॉलेज की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान आमंत्रित सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं कॉलेज में आयोजित भाषण एवं लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं रानी महतो, रोहित भकत, पूर्णिमा सामंत, पूजा परिडा, सरस्वती भकत एवं पूजा कुमारी को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में डीसी राम ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व संताली विभाग की छात्राओं ने अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया। समारोह में जिला पार्षद देवयानी मुर्मू, मुखिया पार्वती मुर्मू, केयू सीनेट सदस्य लखन मार्डी, विधायक प्रतिनिधि जगदीश भकत, काजल डॉन, सोनाराम सोरेन, समाजसेवी निर्मल झुनझुनवाला, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, अधिवक्ता राकेश शर्मा एवं समाजसेवी आनंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोमा सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. एसपी सिंह ने किया।
Share

Made with Emergent